स्कूल ऑटो में ओवरलोडिंग पर रायगढ़ पुलिस का सख्त एक्शन, बच्चों की सुरक्षा के लिए विशेष जांच अभियान शुरू
रायगढ़, 20 जुलाई 2026। स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रायगढ़ पुलिस ने स्कूल ऑटो वाहनों के खिलाफ विशेष जांच अभियान शुरू कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्री शशि मोहन सिंह के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल कुमार सोनी के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर परिवहन करने वाले ऑटो चालकों पर सख्त कार्रवाई कर रही है।
हाल के दिनों में स्कूल ऑटो में ओवरलोडिंग की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने पहले ऑटो चालकों और स्कूल प्रबंधन को जागरूक किया, जिसके बाद अब सघन जांच और कानूनी कार्रवाई का अभियान शुरू किया गया है।
18 जुलाई को डीएसपी ट्रैफिक श्री उत्तम प्रताप सिंह ने अपने कार्यालय में स्कूल प्रबंधन के प्रतिनिधियों और ऑटो चालक संघ के पदाधिकारियों की बैठक लेकर बच्चों की सुरक्षा से जुड़े नियमों की जानकारी दी। बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी स्थिति में ऑटो की निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों का परिवहन नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डीएसपी ट्रैफिक ने स्कूल प्रबंधन से भी अपील की कि यदि कोई ऑटो चालक बच्चों की सुरक्षा से समझौता करते हुए ओवरलोडिंग करता है तो इसकी तत्काल सूचना पुलिस को दें। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए वाहन जब्त कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
बैठक के अगले ही दिन से यातायात थाना प्रभारी रोहित बंजारे और उनकी टीम ने शहर के विभिन्न स्थानों पर स्कूली ऑटो वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान चालकों को सुरक्षा मानकों का पालन करने, निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को नहीं बैठाने तथा यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि "बच्चों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्कूल वाहन चालकों एवं शिक्षण संस्थानों को सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करना होगा। क्षमता से अधिक बच्चों का परिवहन, लापरवाही या नशे की हालत में वाहन चलाने जैसी गतिविधियों पर रायगढ़ पुलिस की लगातार निगरानी रहेगी और नियम तोड़ने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"