सुनसान बोर मकान में महिला और 10 माह की मासूम की हत्या, रायगढ़ पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मामला, एसएसपी खुद कर रहे जांच की मॉनिटरिंग
रायगढ़, 19 जुलाई 2026। रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम छापरपानी में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। गांव के बाहर स्थित एक सुनसान बोर मकान में रह रही 35 वर्षीय महिला और उसकी 10 माह की मासूम बेटी मृत मिली हैं। दोनों के सिर और चेहरे पर किसी भारी वस्तु से वार किए जाने के निशान मिले हैं। मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतका बरत कुमारी पति की मृत्यु के बाद मानसिक रूप से अस्वस्थ रहती थी और अपने मायके में रह रही थी। वह गांव के बाहर प्रहलाद बेहरा के खेत स्थित बोर मकान में आश्रय लेकर रह रही थी। 16 जुलाई की सुबह ग्रामीणों ने उसके घायल होने की सूचना परिजनों को दी। मौके पर पहुंचने पर बरत कुमारी गंभीर रूप से घायल मिली, जबकि उसकी 10 माह की बेटी परी की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलते ही एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी और लैलूंगा पुलिस टीम एफएसएल एवं डॉग स्क्वॉड के साथ मौके पर पहुंची। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए। थाना लैलूंगा में अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह स्वयं लैलूंगा पहुंचे और जांच की कमान संभालते हुए संदेहियों से पूछताछ की। उन्होंने विवेचना टीम को वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हर पहलू से जांच कर जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।
एसएसपी ने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है और उपलब्ध वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।