दो बार नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने वाला आरोपी गिरफ्तार, जूटमिल पुलिस ने 'अभियान संवेदना' के तहत बालिका को सकुशल बरामद कर पॉक्सो एक्ट में भेजा जेल
रायगढ़, 18 जुलाई 2026। रायगढ़ पुलिस के 'अभियान संवेदना' के तहत जूटमिल पुलिस ने 15 वर्षीय नाबालिग बालिका को दो बार बहला-फुसलाकर ले जाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार 3 जुलाई को बालिका के परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस पर जूटमिल थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज कर तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान 11 जुलाई को पुलिस ने बालिका को आरोपी अनुज स्वर्णकार (18 वर्ष) के घर से सकुशल बरामद किया, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया था। बालिका के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामले में दुष्कर्म तथा पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गईं।
इसी बीच 13 जुलाई को बालिका दोबारा लापता हो गई। परिजनों की शिकायत पर जूटमिल थाना में एक और अपहरण का मामला दर्ज कर पुलिस ने तत्काल खोजबीन शुरू की। 15 जुलाई को पुलिस ने केवड़ाबाड़ी स्थित निकले महादेव मंदिर के पास से आरोपी और बालिका को बरामद किया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी बालिका को ट्रेन से बिलासपुर ले गया था और एक दिन बाद दोनों वापस रायगढ़ लौट आए थे।
पुलिस ने बालिका को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया तथा आरोपी अनुज स्वर्णकार को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक अभिनव कांत सिंह, महिला थाना प्रभारी कुसुम कैवर्त, प्रधान आरक्षक समुंद रनकर, प्रधान आरक्षक अनूप कुजूर, आरक्षक परमानंद पटेल, शिवा प्रधान एवं पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि नाबालिग बच्चों की सुरक्षा रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाना गंभीर अपराध है। अभिभावक बच्चों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखें और किसी भी संदिग्ध स्थिति या गुमशुदगी की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते सुरक्षित बरामदगी सुनिश्चित की जा सके।