तकनीक से बदलेगी पुलिस विवेचना की तस्वीर: नवीन कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए रायगढ़ पुलिस ने विवेचकों को दिए 105 स्मार्ट मोबाइल डेटा टर्मिनल
रायगढ़, 11 जुलाई। नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन और पुलिस विवेचना को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में रायगढ़ पुलिस ने महत्वपूर्ण पहल की है। पुलिस मुख्यालय, छत्तीसगढ़ द्वारा जिले के विवेचकों के लिए उपलब्ध कराए गए 105 स्मार्ट मोबाइल डेटा टर्मिनल (MDT) का वितरण शनिवार को पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित क्राइम मीटिंग के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने थाना एवं चौकी प्रभारियों को किया।
एसएसपी ने कहा कि भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) लागू होने के बाद पुलिस अनुसंधान में डिजिटल तकनीक की भूमिका पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। इन स्मार्ट मोबाइल डेटा टर्मिनलों की मदद से विवेचक घटनास्थल पर ही डिजिटल साक्ष्य एकत्र कर सकेंगे, फोटो और वीडियो दस्तावेज तैयार करेंगे, ऑनलाइन रिपोर्टिंग कर सकेंगे तथा पुलिस एप्लीकेशन के माध्यम से केस की प्रगति को तुरंत अपडेट कर पाएंगे। इससे जांच प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, तेज और वैज्ञानिक बनेगी।
उन्होंने बताया कि डिजिटल साक्ष्यों का समय पर संकलन और सुरक्षित संरक्षण न्यायालय में अभियोजन पक्ष को मजबूत बनाएगा। साथ ही अनुसंधान की गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार होगा, जिससे अपराधियों के खिलाफ सशक्त साक्ष्य प्रस्तुत किए जा सकेंगे और पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिलने में मदद मिलेगी।
क्राइम मीटिंग के दौरान एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों और विवेचकों को निर्देश दिए कि स्मार्ट मोबाइल डेटा टर्मिनल का उपयोग केवल शासकीय कार्यों के लिए किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विवेचक नवीन कानूनों के अनुरूप तकनीक आधारित अनुसंधान, डिजिटल साक्ष्य संकलन और गुणवत्तापूर्ण विवेचना को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। समयबद्ध और वैज्ञानिक जांच ही आधुनिक पुलिसिंग की पहचान है और इसका सीधा लाभ आम नागरिकों को मिलेगा।
बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा, डीएसपी उन्नति ठाकुर, एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल, एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी, डीएसपी ट्रैफिक उत्तम प्रताप सिंह, डीएसपी मुख्यालय सुशांतो बनर्जी, आरआई अमित सिंह सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी मौजूद रहे।
रायगढ़ पुलिस का कहना है कि नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, डिजिटल पुलिसिंग को बढ़ावा देने तथा नागरिकों को आधुनिक, पारदर्शी और त्वरित पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए इस तरह के तकनीकी संसाधनों का उपयोग लगातार बढ़ाया जाएगा।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश
एसएसपी ने कहा कि "नवीन कानूनों के अनुरूप तकनीक आधारित, वैज्ञानिक और समयबद्ध विवेचना ही आधुनिक पुलिसिंग की पहचान है। प्रत्येक विवेचक तकनीक का अधिकतम उपयोग कर पीड़ितों को त्वरित एवं प्रभावी न्याय दिलाना सुनिश्चित करें।"