होटलों की सघन जांच के दौरान पुलिस से अभद्रता होटल संचालक को पड़ी भारी, व्हाइट रोज होटल संचालक गिरफ्तार,
रायगढ़, 11 जुलाई। जिले में होटल, लॉज और गेस्ट हाउसों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा अनैतिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस लगातार विशेष जांच अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत शुक्रवार शाम थाना साइबर और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर के होटल व्हाइट रोज में औचक निरीक्षण किया, जहां जांच के दौरान होटल संचालक द्वारा पुलिस टीम के साथ अभद्र व्यवहार करने का मामला सामने आया। इसके बाद पुलिस ने उसे प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर जिले के सभी होटल, लॉज एवं सार्वजनिक आवासीय प्रतिष्ठानों की नियमित जांच की जा रही है। अभियान का उद्देश्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना, होटल में ठहरने वाले लोगों का सत्यापन करना तथा किसी भी प्रकार की अवैध एवं अनैतिक गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाना है।
जांच के दौरान होटल व्हाइट रोज में सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी कुछ कमियां पाई गईं। इस पर पुलिस टीम ने होटल संचालक सूरज सिंह (28 वर्ष), निवासी फतेहामुड़ा, थाना जूटमिल को आवश्यक सुरक्षा मानकों में तत्काल सुधार करने की समझाइश दी। आरोप है कि समझाइश के दौरान संचालक ने पुलिस टीम के साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया और लगातार आक्रामक रवैया अपनाया।
पुलिस ने उसे समझाने के लिए कोतवाली थाना लाया, लेकिन वहां भी उसके व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया। पुलिस के अनुसार उसके आचरण से संज्ञेय अपराध होने और शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी हुई थी। ऐसे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा धारा 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत इस्तगासा तैयार कर न्यायालय में पेश किया गया।
रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में होटल, लॉज और गेस्ट हाउसों की जांच लगातार जारी रहेगी। सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने, आगंतुकों का सत्यापन नहीं करने, अवैध गतिविधियों को बढ़ावा देने अथवा पुलिस कार्रवाई में बाधा उत्पन्न करने वाले प्रतिष्ठानों और संचालकों के खिलाफ भविष्य में भी कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि होटलों में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण पुलिस की प्राथमिकता है। जांच के दौरान पुलिस कार्रवाई में बाधा डालने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।