जन-धन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, बाढ़ और प्राकृतिक आपदाओं से निपटने प्रशासन की व्यापक तैयारी, 24 घंटे संचालित रहेगी कंट्रोल रूम हेल्पलाइन
मानसून अलर्ट: 17 गांवों पर विशेष निगरानी, 48 वार्डों के लिए नोडल अधिकारी तैनात
रायगढ़। मानसून के दौरान बाढ़ और प्राकृतिक आपदाओं से जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी और एसएसपी शशि मोहन सिंह ने जिला स्तरीय समीक्षा बैठक लेकर सभी विभागों को राहत-बचाव, स्वास्थ्य, बिजली, जलभराव और कानून-व्यवस्था को लेकर पूरी सतर्कता के साथ काम करने के निर्देश दिए।
बैठक में हीराकुंड बांध के जलभराव से प्रभावित 17 गांवों की विशेष मॉनिटरिंग करने का निर्णय लिया गया। इन गांवों में जलस्तर पर लगातार नजर रखने, समय पर सूचना देने और जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की व्यवस्था रहेगी। वहीं रायगढ़ नगर निगम के सभी 48 वार्डों के लिए अलग-अलग नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे और चारों जोन में विशेष प्रभारी तैनात रहेंगे। जल निकासी, नालों की सफाई, पंपों की उपलब्धता और आपातकालीन टीमों को सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश देते हुए शहर के वार्ड क्रमांक 17, 19 और 20 में डेंगू रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाने, सभी स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाइयों और पर्याप्त एंटी स्नेक वेनम उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। साथ ही आकाशीय बिजली से बचाव के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
बैठक में नाव, मोटरबोट, लाइफ जैकेट, रस्सी और राहत सामग्री की उपलब्धता की समीक्षा की गई। संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत शिविरों के लिए भवन पहले से चिन्हित करने तथा जिला बाढ़ नियंत्रण हेल्पलाइन 07762-223750 को 24 घंटे संचालित रखने का निर्णय लिया गया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सभी थाना प्रभारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त, आपदा की सूचना पर तत्काल कार्रवाई और प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। बैठक में शहर के प्रमुख स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की भी समीक्षा की गई।
इस बीच रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से शहर के रेलवे अंडरब्रिज (गंधरी पुलिया) को आवागमन के लिए बंद कर दिया है। प्रशासन ने नागरिकों से मानसून के दौरान इस मार्ग के बजाय वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।