ऑपरेशन आघात: रायगढ़ पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, 34 लीटर अवैध शराब जब्त, तीन आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़, 11 जुलाई। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए रायगढ़ पुलिस ने "ऑपरेशन आघात" के तहत खरसिया और घरघोड़ा क्षेत्र में तीन स्थानों पर एक साथ छापेमार कार्रवाई की। इस दौरान करीब 34 लीटर अवैध महुआ व अंग्रेजी शराब जब्त कर तीन आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
पुलिस के अनुसार खरसिया थाना क्षेत्र के प्रिंसी ढाबा, बोतल्दा में दबिश देकर संचालक संजय पटैल के कब्जे से बिक्री के लिए रखी 15 लीटर महुआ शराब जब्त की गई।
वहीं ग्राम छोटे देवगांव स्थित अनुराग किराना एंड कोल्ड्रिंक्स स्टोर में छापे के दौरान दुकान संचालिका ममता अग्रवाल के पास से 45 पाव अंग्रेजी गोवा स्पेशल व्हिस्की और 5 पाव देशी प्लेन शराब, कुल लगभग 9 लीटर शराब बरामद की गई।
इधर घरघोड़ा बायपास स्थित हरि पेट्रोल पंप के पास पुलिस ने नंदकिशोर यादव उर्फ नंदू को 10 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई।
पुलिस ने बताया कि तीनों मामलों में आरोपियों के विरुद्ध धारा 34(2) एवं 59(क) आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी है।