टांगी से जानलेवा हमला कर मोबाइल-बाइक लूटने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार, "ऑपरेशन क्लीन हंट" में पुसौर पुलिस की बड़ी सफलता
रायगढ़, 11 जुलाई। रायगढ़ पुलिस के "ऑपरेशन क्लीन हंट" के तहत पुसौर पुलिस ने हत्या के प्रयास और लूट के सनसनीखेज मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। मामले में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की गई है। आरोपी घटना के बाद अपना घर बेचकर फरार हो गया था और जम्मू में छिपा हुआ था। पुलिस टीम ने उसका पीछा करते हुए उसके ससुराल से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार यह मामला 10 मार्च 2025 की रात का है। ग्राम पुजेरीपाली, थाना चंद्रपुर (जिला सक्ती) निवासी कृष्णा सिदार रात में घर से निकला था लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। अगले दिन सुबह परिजनों को सूचना मिली कि रावनखोंदरा के पास उसके साथ अज्ञात लोगों ने मारपीट की है। कुछ देर बाद कृष्णा गंभीर रूप से घायल अवस्था में घर पहुंचा और बेहोश हो गया। उसके सिर से अत्यधिक रक्तस्राव हो रहा था। परिजनों ने तत्काल उसे अस्पताल में भर्ती कराया।
घटना की रिपोर्ट पर पुसौर थाना में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण, गवाहों के बयान और चिकित्सकीय रिपोर्ट से पता चला कि कृष्णा के सिर और मस्तिष्क पर टांगी से गंभीर वार किया गया था। डॉक्टरों ने चोटों को जानलेवा बताते हुए कहा कि समय पर इलाज नहीं मिलने पर उसकी मौत भी हो सकती थी या गंभीर मस्तिष्क क्षति हो सकती थी।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने हमले के बाद घायल का मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल लूट ली थी। इसके बाद मामले में हत्या के प्रयास और लूट सहित अन्य गंभीर धाराएं जोड़कर जांच आगे बढ़ाई गई।
विवेचना के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि वारदात का मुख्य आरोपी प्रकाश सिदार है, जो घटना के बाद अपना घर बेचकर फरार हो गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जम्मू रवाना हुई। वहां पतासाजी के दौरान पता चला कि आरोपी अपने ससुराल बड़े भंडार गांव में छिपा हुआ है। स्थानीय पुलिस की मदद से उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया और एक विधि से संघर्षरत बालक की संलिप्तता का भी खुलासा किया।
इसके बाद तहसील न्यायालय पुसौर के माध्यम से शिनाख्त परेड कराई गई, जिसमें घायल कृष्णा सिदार ने दोनों की पहचान की। आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने लूटा गया वीवो मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी (क्रमांक CG-13 Y-5024) बरामद कर ली। वहीं वारदात में प्रयुक्त टांगी पहले से थाना के एक अन्य प्रकरण में जब्त होना पाया गया।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रकाश सिदार (27 वर्ष), निवासी लिटाईपाली, थाना पुसौर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले की विवेचना अभी जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस, सहायक उप निरीक्षक उमाशंकर नायक, प्रधान आरक्षक चन्द्रहास नायक तथा आरक्षक धर्नुजय चंद बेहरा और दिलीप सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस लूट और अन्य गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर त्वरित एवं कठोर कार्रवाई कर रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी अपराधी को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा।