ताजा खबरें

बड़ी खबर

ऑपरेशन प्रहार : दो जगह पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 6.5 टन संदिग्ध कबाड़ और दो वाहन जब्त

ऑपरेशन प्रहार : दो जगह पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 6.5 टन संदिग्ध कबाड़ और दो वाहन जब्त

रायगढ़। रायगढ़ पुलिस ने जिले में चलाए जा रहे "ऑपरेशन प्रहार" के तहत अवैध कबाड़ परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में करीब 6.5 टन संदिग्ध लोहे का कबाड़, एक 14 चक्का ट्रक और एक माजदा वाहन जब्त किया है। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 28.48 लाख रुपये बताई गई है। दोनों मामलों में वाहन चालक कबाड़ के परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिलेभर में अवैध कबाड़ कारोबार और चोरी की संपत्ति के परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी अभियान के तहत थाना लैलूंगा और थाना छाल पुलिस ने यह कार्रवाई की।

लैलूंगा में 14 चक्का ट्रक से 4.5 टन कबाड़ बरामद

पुलिस के अनुसार 9 जुलाई को थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव को मुखबिर से सूचना मिली कि पत्थलगांव की ओर से एक 14 चक्का ट्रक में भारी मात्रा में संदिग्ध लोहे का स्क्रैप लैलूंगा होते हुए घरघोड़ा ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने खम्हार मोड़ मुख्य मार्ग पर नाकेबंदी कर ट्रक क्रमांक CG-14 MF-0223 को रोककर जांच की।

वाहन चालक महेन्द्र लहरे (36 वर्ष) निवासी गोढ़ीकला, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर से कबाड़ परिवहन के दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। तलाशी के दौरान ट्रक से लगभग 4.5 टन लोहे का स्क्रैप बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 1.08 लाख रुपये आंकी गई। ट्रक की कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस ने कुल 16.08 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त कर बीएनएसएस की धारा 35(क), 35(ङ) तथा बीएनएस की धारा 303(2) के तहत कार्रवाई की। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी गिरधारी साव, प्रधान आरक्षक देव प्रसाद राठिया एवं पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

छाल पुलिस ने लगातार दूसरे दिन भी की कार्रवाई

इधर थाना छाल पुलिस ने लगातार दूसरे दिन भी अवैध कबाड़ परिवहन पर कार्रवाई करते हुए ग्राम बोजिया के पास माजदा वाहन क्रमांक CG-12 AZ-3191 को रोककर जांच की।

थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान को सूचना मिली थी कि वाहन में अवैध रूप से कबाड़ भरकर घरघोड़ा की ओर ले जाया जा रहा है। वाहन चालक भूपेन्द्र यादव (36 वर्ष) निवासी ढोढ़ीपारा, जिला कोरबा से कबाड़ संबंधी दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह भी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

वाहन की तलाशी में लोहे की छड़, एंगल, वाहनों के टूटे-फूटे पार्ट्स सहित लगभग 2 टन कबाड़ मिला। बरामद कबाड़ की कीमत 40 हजार रुपये तथा माजदा वाहन की कीमत करीब 12 लाख रुपये आंकी गई। पुलिस ने कुल 12.40 लाख रुपये की संपत्ति जब्त कर इस्तगासा क्रमांक 13/26 के तहत बीएनएसएस की धारा 35(1)(ड) एवं बीएनएस की धारा 303(2) के अंतर्गत कार्रवाई की। इस कार्रवाई में निरीक्षक नासिर खान, प्रधान आरक्षक अशोक देवांगन तथा पुलिस टीम शामिल रही।

कबाड़ के नेटवर्क की भी हो रही जांच

रायगढ़ पुलिस के अनुसार ऑपरेशन प्रहार के तहत केवल अवैध कबाड़ परिवहन ही नहीं बल्कि कबाड़ के स्रोत, स्वामित्व और उससे जुड़े पूरे नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि जब्त किया गया कबाड़ चोरी की संपत्ति तो नहीं है और इसका संबंध किन लोगों से है।

एसएसपी का संदेश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अवैध कबाड़ का कारोबार चोरी और संगठित अपराधों की महत्वपूर्ण कड़ी है। ऐसे मामलों में बिना वैध दस्तावेज कबाड़ का परिवहन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन प्रहार के माध्यम से पूरे नेटवर्क पर नजर रखी जा रही है और आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave Your Comment

Click to reload image