ताजा खबरें

बड़ी खबर

महिला सुरक्षा और मानव तस्करी रोकने सभी विभाग मिलकर करें काम, एसएसपी शशिमोहन सिंह ने दिए सख्त निर्देश

रायगढ़, 9 जुलाई। महिला सुरक्षा और मानव तस्करी की रोकथाम को लेकर गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जिला स्तरीय महिला उत्पीड़न एवं अनैतिक व्यापार निवारण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने की।

बैठक में महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा, मानव तस्करी की रोकथाम, पीड़ितों के संरक्षण और पुनर्वास से जुड़े मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। एसएसपी ने कहा कि महिला अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस सहित सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ संवेदनशीलता और तत्परता से कार्य करें।

उन्होंने मानव तस्करी की आशंका वाले क्षेत्रों की पहचान कर लगातार निगरानी रखने, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य प्रमुख आवागमन स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

एसएसपी ने पंचायतों, स्कूल-कॉलेजों, स्वयं सहायता समूहों और सामाजिक संगठनों के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया। साथ ही महिला अपराध और मानव तस्करी से जुड़े मामलों की नियमित समीक्षा, लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण तथा पीड़ितों को आवश्यक सहायता और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक में पीड़ित महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित आश्रय, स्वास्थ्य सेवाएं, परामर्श, शिक्षा, कौशल विकास और आर्थिक सशक्तिकरण से जोड़ने पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाकर पीड़ितों के सम्मानजनक पुनर्वास के लिए समन्वित प्रयास किए जाएं।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, डीएसपी उन्नति ठाकुर, जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी महेश पटेल सहित महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, आदिवासी विकास विभाग, महिला थाना, डॉयल-112 तथा समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image