पत्नी को बुलेट से कई बार कुचलने की कोशिश, आरोपी पति गिरफ्तार
रायगढ़। जूटमिल थाना क्षेत्र में पत्नी की हत्या के प्रयास के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी पर चरित्र शंका के चलते पत्नी को बुलेट मोटरसाइकिल से कई बार कुचलने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार कोड़ातराई निवासी गणेशी साहू (32) ने शिकायत दर्ज कराई कि वर्ष 2014 में उसने अमित साहू से प्रेम विवाह किया था। दोनों के दो बच्चे हैं। विवाह के बाद से आरोपी शराब के नशे में आए दिन मारपीट करता था, जिससे परेशान होकर वह अलग किराये के मकान में रहने लगी थी।
शिकायत के मुताबिक 3 जुलाई की रात आरोपी पत्नी को अपने घर ले गया, जहां चरित्र पर संदेह को लेकर विवाद हुआ। जान बचाने के लिए महिला घर से भागी तो आरोपी ने बुलेट मोटरसाइकिल से उसे टक्कर मारकर गिरा दिया और फिर कथित रूप से कई बार उसके ऊपर बाइक चढ़ाकर हत्या का प्रयास किया। घटना में महिला के सिर, गर्दन, हाथ, जांघ और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
मामले में जूटमिल थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास का अपराध दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अमित साहू (36) को गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध हिंसा और जानलेवा हमलों के मामलों में रायगढ़ पुलिस सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रखेगी।