ताजा खबरें

बड़ी खबर

9 माह बाद सकुशल मिली नाबालिग, शादी का झांसा देकर भगाने वाला आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़, 5 जुलाई। रायगढ़ पुलिस के "अभियान संवेदना" के तहत थाना पूंजीपथरा पुलिस ने करीब नौ माह से लापता 17 वर्षीय नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने मामले में बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने वाले आरोपी राजेश कुमार बंजारे (30) निवासी ग्राम मनपसार, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार 28 सितंबर 2025 को बालिका के पिता ने थाना पूंजीपथरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग बेटी 21 सितंबर को सिलाई का काम बताकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। शिकायत पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी बालिका को सारंगढ़ बस स्टैंड से अपने साथ ले गया था। मुखबिर की सूचना पर 4 जुलाई 2026 को पुलिस टीम ने ग्राम मनपसार में दबिश देकर बालिका को सकुशल बरामद किया और आरोपी को हिरासत में ले लिया।

बालिका के बयान एवं मेडिकल परीक्षण के आधार पर पुलिस ने प्रकरण में दुष्कर्म तथा पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी जोड़ दीं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। वहीं बालिका को नियमानुसार परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया पूरी की गई।

पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन और डीएसपी सुशांतो बनर्जी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी रामकिंकर यादव एवं पूंजीपथरा पुलिस टीम ने की।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि "अभियान संवेदना" के तहत गुम बच्चों की सुरक्षित बरामदगी रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा ऐसे मामलों में आरोपियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave Your Comment

Click to reload image