ताजा खबरें

बड़ी खबर

सब्जी को लेकर विवाद बना खूनी हमला: पत्नी और ससुर पर सब्बल-टंगिया से वार करने वाला 3 माह बाद गिरफ्तार

रायगढ़, 4 जुलाई। मामूली घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जब सब्जी कम-ज्यादा होने की बात पर गुस्साए पति ने अपनी पत्नी और बीच-बचाव करने आए ससुर पर जानलेवा हमला कर दिया। करीब तीन माह से फरार चल रहे आरोपी को रायगढ़ पुलिस ने "ऑपरेशन क्लीन हंट" के तहत सरगुजा जिले से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 19 मार्च 2026 को ग्राम चैनपुर थाना सीतापुर (जिला सरगुजा) निवासी 30 वर्षीय जेरोमिना किस्पोट्टा ने थाना कापू में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वह अपने पति अमिताप लकड़ा के साथ मायके ग्राम ठाकुरनगर आई हुई थी। रात के भोजन के दौरान सब्जी को लेकर हुए मामूली विवाद के बाद आरोपी अमिताप लकड़ा ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए घर में रखे लोहे के सब्बल से पत्नी पर हमला कर दिया।

पत्नी को बचाने के लिए जब उसके पिता रघुराम किस्पोट्टा बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपी ने उन पर धारदार टंगिया से हमला कर दिया। इस हमले में रघुराम किस्पोट्टा गंभीर रूप से घायल हो गए। चिकित्सीय परीक्षण में उनकी चोटों को गंभीर (ग्रीवियस इंजरी) बताया गया।

घटना के बाद थाना कापू में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न गैर-जमानती धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई, लेकिन आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे "ऑपरेशन क्लीन हंट" के दौरान फरार आरोपियों की तलाश तेज की गई। थाना प्रभारी कापू उप निरीक्षक इगेश्वर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार मुखबिरों से सूचना जुटाई। आखिरकार सूचना मिलने पर ग्राम चैनपुर, थाना सीतापुर (जिला सरगुजा) में घेराबंदी कर आरोपी अमिताप लकड़ा (35 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे का सब्बल और धारदार टंगिया भी बरामद कर जब्त कर ली गई। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक इगेश्वर यादव सहित थाना कापू के पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि घरेलू विवाद या किसी भी कारण से हिंसा करना किसी समस्या का समाधान नहीं है। क्षणिक आवेश में किया गया अपराध परिवार को तबाह कर देता है और आरोपी को कानून के कठोर दायरे में ले आता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि रायगढ़ पुलिस गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई करती रहेगी।

Leave Your Comment

Click to reload image