ऑपरेशन आघात का बड़ा प्रहार: नटवरपुर जंगल में धधक रही अवैध महुआ शराब भट्टी पर पुलिस का छापा, 65 लीटर कच्ची शराब जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार
रायगढ़। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे "ऑपरेशन आघात" के तहत चक्रधरनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम नटवरपुर के जंगल में संचालित अवैध महुआ शराब निर्माण स्थल पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 65 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नटवरपुर के जंगल में अवैध रूप से महुआ शराब बनाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और घेराबंदी कर फुल सिंह धनवार (25) तथा दुआरू धनवार (40), दोनों निवासी ग्राम नटवरपुर, को रंगे हाथ पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान फुल सिंह के कब्जे से 35 लीटर तथा दुआरू धनवार के पास से 30 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। कुल 65 लीटर शराब की अनुमानित कीमत करीब 13 हजार रुपये बताई गई है। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने शराब बनाकर बेचने की बात स्वीकार की, लेकिन कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
चक्रधरनगर थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।
इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक दिलीप भानु, प्रधान आरक्षक रविकिशोर साय, आरक्षक संदीप कौशिक और चन्द्र कुमार बंजारे की अहम भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि "ऑपरेशन आघात" के तहत जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे अवैध कारोबार में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।