ताजा खबरें

बड़ी खबर

चोरी करने निकला, अपनी बाइक का पेट्रोल खत्म हुआ तो दूसरे की नई पल्सर लेकर हो गया फरार, लेकिन पुलिस ने 72 घंटे के भीतर दबोचा शातिर चोर; दो बाइक जब्त, आरोपी जेल भेजा

रायगढ़। पूंजीपथरा थाना पुलिस ने वाहन चोरी के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए शातिर बाइक चोर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने चोरी करने के इरादे से अपनी ही पल्सर मोटरसाइकिल लेकर निकला था, लेकिन रास्ते में पेट्रोल खत्म हो जाने पर उसने अपनी बाइक झाड़ियों में छिपा दी और पूंजीपथरा बस्ती में एक घर की परछी में खड़ी नई बजाज पल्सर चोरी कर फरार हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गई बाइक के साथ वारदात में प्रयुक्त उसकी दूसरी बाइक भी जब्त कर ली। बरामद संपत्ति की कुल कीमत लगभग दो लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार पूंजीपथरा निवासी आशीष कुमार बान्डेकर ने 27 जून को थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि 26 जून की रात उन्होंने अपनी नई बजाज पल्सर 125 (CG-13-BD-2757) घर की परछी में खड़ी की थी, लेकिन सुबह उठने पर बाइक गायब मिली। शिकायत पर थाना पूंजीपथरा में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस टीम संदिग्धों की तलाश में जुटी थी। इसी बीच तुमीडीह के महुआ चौक के पास एक युवक संदिग्ध हालत में घूमता मिला। पूछताछ में वह अपना सही परिचय नहीं दे पाया। थाना लाकर सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम राम सिदार निवासी ग्राम चिराईपानी बताया और बाइक चोरी की वारदात कबूल कर ली।

आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह चोरी करने के उद्देश्य से अपनी पल्सर बाइक (CG-13-AY-7026) लेकर निकला था, लेकिन रास्ते में पेट्रोल खत्म हो गया। इसके बाद उसने अपनी बाइक रायगढ़ आयरन प्लांट के पास झाड़ियों में छिपा दी और पैदल पूंजीपथरा पहुंचकर एक मकान की परछी में खड़ी नई पल्सर मोटरसाइकिल चोरी कर अपने घर ले जाकर छिपा दी।

आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने उसके घर से चोरी गई बजाज पल्सर बरामद कर ली। साथ ही रायगढ़ आयरन प्लांट के पास झाड़ियों में छिपाई गई उसकी पल्सर बाइक भी जब्त कर ली। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी राम सिदार (30 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव, प्रधान आरक्षक राजकुमार पैंकरा तथा आरक्षक विक्रम कुजूर, नरेन्द्र पैंकरा, विक्रांत भगत, हेम सागर पटेल और कीर्तन यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि वाहन चोरी जैसे संपत्ति संबंधी अपराधों पर त्वरित कार्रवाई पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर लॉक करके रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।

Leave Your Comment

Click to reload image