महिला पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य और सम्मान के लिए रायगढ़ पुलिस की पहल, मासिक धर्म स्वच्छता पर आयोजित हुई कार्यशाला
रायगढ़। महिला पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य, स्वच्छता और सम्मानजनक कार्यस्थल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रायगढ़ पुलिस द्वारा रविवार को पुलिस लाइन उर्दना में मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन (एमएचएम) विषय पर विशेष जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिला पुलिस रायगढ़ एवं "आगाज़ – एक नई पहल" संस्था के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में आयोजित इस कार्यशाला में महिला पुलिसकर्मियों को मासिक धर्म से जुड़ी वैज्ञानिक जानकारी, व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों तथा पर्यावरण-अनुकूल सेनेटरी अपशिष्ट प्रबंधन के बारे में विस्तार से बताया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मासिक धर्म से जुड़ी भ्रांतियों को दूर कर वैज्ञानिक सोच विकसित करना और सुरक्षित एवं सम्मानजनक स्वच्छता प्रबंधन को बढ़ावा देना था।
जिला स्वच्छता मिशन की नोडल अधिकारी सुश्री मोनिका इजारदार ने मासिक धर्म स्वच्छता, स्वास्थ्य सुरक्षा और दैनिक जीवन में स्वच्छ आदतों के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। वहीं डीएसपी श्रीमती उन्नति ठाकुर ने महिला पुलिसकर्मियों को कार्यस्थल पर गरिमा बनाए रखने, सेनेटरी पैड के सुरक्षित उपयोग एवं पर्यावरण-अनुकूल निस्तारण के संबंध में मार्गदर्शन देते हुए कहा कि बेहतर स्वास्थ्य से ही कार्यक्षमता और आत्मविश्वास में वृद्धि होती है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित महिला पुलिसकर्मियों ने मासिक धर्म स्वच्छता एवं जागरूकता का संदेश समाज तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यशाला में "आगाज़ – एक नई पहल" संस्था की फाउंडर सुश्री मोनिका इजारदार, जय कुमार चौहान, प्रकाश जायसवाल, राजेन्द्र साहू, निशि चंदेल सहित जिले के विभिन्न थानों की महिला पुलिसकर्मियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिला पुलिसकर्मियों का स्वास्थ्य, सम्मान और सुरक्षित कार्य वातावरण विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जागरूकता, वैज्ञानिक सोच और बेहतर स्वास्थ्य प्रबंधन से महिला पुलिसकर्मी समाज की सेवा और अधिक प्रभावी ढंग से कर सकती हैं।