भूपदेवपुर पुलिस का अवैध शराब कारोबार पर डबल स्ट्राइक: 17 लीटर महुआ शराब जब्त, दो महिला तस्कर गिरफ्तार
रायगढ़, 28 जून 2026। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भूपदेवपुर पुलिस ने ग्राम किरीतमाल में एक ही दिन दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 17 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब जब्त की है। कार्रवाई के दौरान दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना प्रभारी उप निरीक्षक नाग के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर पहली कार्रवाई ग्राम किरीतमाल में नुकसाना सिदार के घर के पीछे बाड़ी में की। पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद शराब पीने वाले कुछ लोग मौके से भाग निकले। तलाशी के दौरान दो प्लास्टिक जरीकेन में रखी 10 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 1,000 रुपये आंकी गई। शराब जब्त कर आरोपिया के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया।
इसके बाद पुलिस टीम ने ग्राम किरीतमाल में ही रथबाई भारद्वाज के घर दबिश दी। यहां भी पुलिस को देखकर कुछ लोग फरार हो गए। तलाशी के दौरान एक जरीकेन और एक प्लास्टिक बोतल में रखी 7 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 700 रुपये बताई गई। पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपिया के विरुद्ध भी आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की।
दोनों मामलों में पुलिस ने कुल 17 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 1,700 रुपये है, जब्त कर आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस सफल अभियान में थाना प्रभारी उप निरीक्षक नाग, प्रधान आरक्षक जगदीश नायक, संजय तिर्की, आरक्षक गोवर्धन प्रसाद सिदार, संतोष जायसवाल तथा महिला आरक्षक कलिस्ता कुजूर की सराहनीय भूमिका रही।