ताजा खबरें

बड़ी खबर

ओम हाइट्स अपार्टमेंट में सूने मकान को चोरों ने बनाया निशाना, आलमारी तोड़कर फरार हुए बदमाश, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

रायगढ़, 27 जून। शहर के चक्रधरनगर थाना क्षेत्र स्थित ओम हाइट्स अपार्टमेंट में एक सूने मकान में चोरी की वारदात सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही चक्रधरनगर पुलिस, साइबर सेल, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ नकबजनी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, ओम हाइट्स अपार्टमेंट के मकान नंबर-301 में रेशम उद्योग विभाग से सेवानिवृत्त अधिकारी राकेश श्रीवास्तव अपनी पत्नी के साथ रहते हैं। दोनों पिछले वर्ष अक्टूबर माह से उपचार के लिए मुंबई में हैं। उनकी अनुपस्थिति में घर की एक चाबी घरेलू सहायिका चंद्रकांति देवांगन के पास थी, जो समय-समय पर घर की साफ-सफाई करने आती थी।

शनिवार सुबह जब घरेलू सहायिका मकान खोलकर अंदर पहुंची तो उसने देखा कि घर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा हुआ है और आलमारी खुली हुई है। चोरी की आशंका होते ही उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही चक्रधरनगर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम, साइबर सेल, फॉरेंसिक एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉड घटनास्थल पर पहुंचे। टीम ने पूरे मकान का निरीक्षण किया, फिंगरप्रिंट और अन्य तकनीकी साक्ष्य एकत्र किए तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों की भी जांच कर रही है।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मकान से कितनी नकदी, जेवरात या अन्य कीमती सामान चोरी हुआ है। पुलिस के अनुसार मकान मालिक के रायगढ़ लौटने और घर का पूरा निरीक्षण करने के बाद ही चोरी गई संपत्ति का सही आकलन हो सकेगा।

घरेलू सहायिका की रिपोर्ट पर थाना चक्रधरनगर में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध नकबजनी का अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave Your Comment

Click to reload image