रिश्तों को किया शर्मसार: नशे के लिए पैसों की मांग पूरी नहीं हुई तो वृद्ध महिला से मारपीट, जान से मारने की धमकी देकर चाकू से किया वार
रायगढ़, 18 जून। रायगढ़ पुलिस ने वृद्ध महिला के साथ मारपीट और चाकू से हमला करने वाले आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने यह त्वरित कार्रवाई की है।
मिली जानकारी के अनुसार रामभांठा स्थित अंश होटल के पीछे रहने वाली 65 वर्षीय श्रीमती उषा यादव ने थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई कि उनका नाती विशाल यादव उर्फ बजरंग यादव शराब पीने का आदी है और अक्सर पैसों की मांग कर विवाद करता रहता है। 16 जून 2026 की दोपहर करीब 1:30 बजे आरोपी ने फिर पैसे मांगे। पैसे नहीं होने की बात कहने पर वह आगबबूला हो गया और अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा।
आरोप है कि इसके बाद विशाल यादव ने अपनी वृद्ध नानी के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की और चाकू से उनकी भुजा के पास वार कर घायल कर दिया। घटना के बाद पीड़िता ने थाना कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 326/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 351(3) और 115(2) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराए जाने पर डॉक्टर की रिपोर्ट में धारदार हथियार से चोट लगने की पुष्टि हुई, जिसके बाद मामले में बीएनएस की धारा 118(1) भी जोड़ी गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी विशाल यादव उर्फ बजरंग यादव (22 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल और उनकी टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों के साथ किसी भी प्रकार की हिंसा या दुर्व्यवहार करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।