ऑपरेशन आघात का बड़ा असर : 13 लीटर महुआ शराब के साथ 2 लाख की कार जब्त, महिला समेत दो गिरफ्तार; तमनार में भी 10 लीटर शराब बरामद
रायगढ़, 17 जून 2026। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महुआ शराब के अवैध परिवहन का भंडाफोड़ किया है। कोतरारोड़ पुलिस ने बिक्री के लिए ले जाई जा रही 13 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त कर महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं तमनार पुलिस ने भी ग्राम कोडकेल में कार्रवाई करते हुए 10 लीटर महुआ शराब के साथ एक आरोपी को पकड़ा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिलेभर में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतरारोड़ पुलिस को सूचना मिली थी कि कृष्णापुर क्षेत्र से एक सफेद रंग की कार में अवैध महुआ शराब रायगढ़ लाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने कृष्णापुर रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका।
जांच के दौरान फोर्ड फिगो कार क्रमांक CG-10-FA-5263 की तलाशी ली गई। कार चालक ने अपना नाम दिनेश कुमार चौहान (39 वर्ष) तथा साथ बैठी महिला ने अपना नाम उषा चौहान (38 वर्ष) बताया। पूछताछ में दोनों ने शराब को बिक्री के उद्देश्य से ले जाना स्वीकार किया।
वाहन की डिक्की की तलाशी लेने पर दो झोलों में रखे 130 पन्नी पाउच बरामद हुए, जिनमें कुल 13 लीटर कच्ची महुआ शराब भरी हुई थी। शराब की अनुमानित कीमत 1,300 रुपये बताई गई। आरोपियों से शराब के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
इसके बाद पुलिस ने 13 लीटर महुआ शराब तथा परिवहन में प्रयुक्त करीब 2 लाख रुपये मूल्य की फोर्ड फिगो कार जब्त कर ली। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 2 लाख 1 हजार 300 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। कार्रवाई में प्रधान आरक्षक राधेश्याम कमल, राजेश खांडे एवं चुड़ामणि गुप्ता की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इधर, तमनार पुलिस ने भी ग्राम कोडकेल में छापेमारी कर 10 लीटर महुआ शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन आघात के तहत क्षेत्र में लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा कि “अवैध शराब के कारोबार और परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।” जिले में चल रहे अभियान से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।