ताजा खबरें

बड़ी खबर

बैंक ऑफ बड़ौदा जशपुर शाखा में क्षेत्रीय प्रबंधक का औचक निरीक्षण, ग्राहकों को बेहतर सेवाएं और व्यवसाय विस्तार पर दिया विशेष जोर

-

जशपुर नगर। बैंक ऑफ बड़ौदा, बिलासपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक प्रदीप कुमार यादव ने आज बैंक ऑफ बड़ौदा की जशपुर नगर शाखा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शाखा की कार्यप्रणाली का गहन अवलोकन किया तथा शाखा के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर शाखा की उपलब्धियों, चुनौतियों एवं कमियों पर विस्तार से चर्चा की।

यादव ने शाखा प्रबंधन को निर्देश दिए कि चिन्हित कमियों को तत्काल दूर करते हुए ग्राहकों को उच्च गुणवत्ता वाली एवं त्वरित बैंकिंग सेवाएं प्रदान की जाएं। उन्होंने व्यवसाय वृद्धि पर विशेष जोर देते हुए नए ग्राहकों को जोड़ने, ग्राहक संतुष्टि बढ़ाने तथा उत्कृष्ट सेवा के माध्यम से शाखा के व्यावसायिक प्रदर्शन को और बेहतर बनाने का आह्वान किया।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय प्रबंधक ने विभिन्न ग्राहकों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का भी भ्रमण किया और उनकी बैंकिंग आवश्यकताओं एवं सुझावों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने शाखा प्रबंधन को ग्राहकों की अपेक्षाओं के अनुरूप सेवाओं में निरंतर सुधार करने के निर्देश दिए।

सायंकाल शाखा द्वारा आयोजित ग्राहक सम्मेलन में श्री प्रदीप कुमार यादव ने ग्राहकों से आत्मीय एवं व्यक्तिगत संवाद किया। उन्होंने ग्राहकों की आवश्यकताओं, सुझावों तथा बैंकिंग सेवाओं से संबंधित अनुभवों को ध्यानपूर्वक सुना और शाखा प्रबंधन के संबंध में उनकी प्रतिक्रिया जानी। ग्राहकों द्वारा शाखा की सेवाओं एवं प्रबंधन के प्रति व्यक्त सकारात्मक प्रतिक्रिया पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की।

कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं आत्मीय वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें शहर के गणमान्य नागरिकों, व्यापारियों एवं ग्राहकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर बैंक की नई योजनाओं एवं उत्पादों की जानकारी साझा की गई तथा ग्राहकों की अपेक्षाओं को यथासंभव पूरा करने का आश्वासन दिया गया। अंत में क्षेत्रीय प्रबंधक प्रदीप कुमार यादव ने सभी उपस्थितजनों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार संवाद एवं सहयोग बनाए रखने का विश्वास दिलाया और रात्रि विश्राम हेतु प्रस्थान किया।

Leave Your Comment

Click to reload image