ताजा खबरें

बड़ी खबर

ऑपरेशन "आघात" का बड़ा असर: 65 वर्षीय तस्कर गांजे की खेप के साथ दबोचा गया, लैलूंगा पुलिस ने नाकाबंदी कर किया गिरफ्तार

रायगढ़, 16 जून। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे पुलिस के विशेष अभियान "ऑपरेशन आघात" के तहत लैलूंगा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक आरोपी को 1.295 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना लैलूंगा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम नवीन कुंजारा क्षेत्र में एक व्यक्ति गांजा लेकर बिक्री और परिवहन के उद्देश्य से आने वाला है।

सूचना के आधार पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कुंजारा कॉलेज के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध की तलाश शुरू की। इसी दौरान मुखबिर के बताए हुलिए का एक व्यक्ति हाथ में थैला लेकर आता दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही उसने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

पूछताछ में उसने अपना नाम रूपसिंह सिदार (65 वर्ष) निवासी नवीन कुंजारा, थाना लैलूंगा बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 1.295 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 64 हजार 750 रुपये बताई गई है।

पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में गांजा जब्त कर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने गांजा बिक्री के उद्देश्य से अपने पास रखना स्वीकार किया। इसके बाद उसके खिलाफ धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव, प्रधान आरक्षक बृज किशोर गिरी, प्रधान आरक्षक देव प्रसाद राठिया एवं आरक्षक शशि भूषण उरांव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की तत्परता और सक्रियता की सराहना की है।

जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा और ऐसे तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave Your Comment

Click to reload image