ताजा खबरें

बड़ी खबर

ऑपरेशन अंकुश का बड़ा वार : तालाब किनारे सज रही थी जुए की महफिल, कोतवाली पुलिस ने दबिश देकर 5 जुआरियों को दबोचा, हजारों की नगदी जब्त

रायगढ़, 9 जून 2026। जिले में जुआ-सट्टा और अवैध गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूछापारा तालाब के पास जुआ खेल रहे पांच लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 8,650 रुपये नगद, 52 पत्ती ताश और जुआ खेलने में प्रयुक्त दरी जब्त की है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है, वहीं अलग से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 08-09 जून की दरम्यानी रात थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पूछापारा तालाब के पार कुछ लोग रुपये-पैसों का दांव लगाकर 52 पत्ती ताश से जुआ खेल रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके की घेराबंदी कर दबिश दी।

पुलिस कार्रवाई के दौरान मौके से कृष्णा निराला (25 वर्ष), सूरज कुमार निराला (23 वर्ष), मोहन वासुदेव (32 वर्ष), कुश साहू (31 वर्ष) और अमर यादव (32 वर्ष) को जुआ खेलते हुए पकड़ा गया। सभी आरोपी रायगढ़ शहर और आसपास के क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।

दबिश के दौरान पुलिस ने जुआ फड़ से कुल 8,650 रुपये नकद, एक 52 पत्ती ताश की गड्डी और दरी जब्त की। इसके बाद सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर थाना कोतवाली लाया गया, जहां उनके विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के उग्र होने और शांति व्यवस्था भंग करने की आशंका को देखते हुए उनके खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170/126 एवं 135(3) के तहत पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है।

इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक हेमंत चंद्रा तथा आरक्षक बीरबल भगत, कमलेश यादव, कोमल तिवारी, घनश्याम ध्रुव और प्रदीप मिंज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में सार्वजनिक स्थलों पर जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि ऐसी किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके और कानून व्यवस्था बनाए रखी जा सके।

Leave Your Comment

Click to reload image