ताजा खबरें

बड़ी खबर

तुर्रीभाठा चौक में शराब के लिए पैसे मांगकर युवक से मारपीट, खरसिया पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दबोचे दो आरोपी

रायगढ़, 6 जून। खरसिया क्षेत्र के तुर्रीभाठा चौक में एक युवक को रास्ता रोककर शराब पीने के लिए पैसे मांगने और पैसे नहीं देने पर उसके साथ मारपीट करने वाले दो आरोपियों को चौकी खरसिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ गंभीर एवं अजमानतीय धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार ठाकुरदिया वार्ड क्रमांक-18 निवासी 30 वर्षीय हरिषंकर निषाद ने शनिवार को चौकी खरसिया पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उन्होंने बताया कि 5 जून की रात लगभग 10:30 बजे वह अपने मित्र अमन सर्पे के घर तुर्रीभाठा में भोजन करने के बाद मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तुर्रीभाठा चौक के पास दो युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया।

आरोपियों ने पहले गाली-गलौज शुरू की और फिर शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगे। जब हरिषंकर ने पैसे देने से इनकार किया तो दोनों युवकों ने उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों और लातों से बेरहमी से मारपीट की। इस हमले में हरिषंकर की बाईं आंख और छाती में चोटें आईं।

घटना की शिकायत मिलते ही चौकी खरसिया पुलिस हरकत में आ गई। थाना खरसिया अंतर्गत चौकी खरसिया में अपराध क्रमांक 273/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 351(3), 115(2), 126(2), 119(1) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने तत्काल दबिश देकर आरोपियों की तलाश शुरू की और कुछ ही समय में दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल सिदार उर्फ गोपालू (23 वर्ष), निवासी पुरानी बस्ती सौरापारा, खरसिया तथा सचिन उरांव उर्फ मुण्डा (23 वर्ष), निवासी चंदन तालाबपार वार्ड क्रमांक-10, खरसिया के रूप में हुई है।

इस कार्रवाई में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी और एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी, प्रधान आरक्षक शिव वर्मा, आरक्षक कीर्ति सिदार एवं साविल चंद्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में मारपीट, गुंडागर्दी और आम लोगों में भय का वातावरण बनाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे मामलों में त्वरित और कड़ी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी ताकि आम नागरिक सुरक्षित महसूस कर सकें।

Leave Your Comment

Click to reload image