स्कूल में सेंध, 16 पंखे और जरूरी सामान पर चोरों का हाथ साफ; खरसिया पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाया मामला, दो आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़, 6 जून 2026। जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगातार कार्रवाई कर रही रायगढ़ पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। खरसिया चौकी क्षेत्र के हमालपारा स्थित शासकीय प्राथमिक एवं मिडिल स्कूल में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई संपत्ति का हिस्सा भी बरामद किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शासकीय बालक प्राथमिक शाला हमालपारा के प्रधान पाठक रिखीराम बिरहे ने चौकी खरसिया में शिकायत दर्ज कराई थी कि 25 मई को विद्यालय बंद कर सभी कमरों में ताला लगाया गया था। 5 जून की सुबह जब वे स्कूल पहुंचे तो मुख्य द्वार के ताले टूटे मिले तथा खिड़की का एंगल रॉड भी क्षतिग्रस्त पाया गया।
जांच के दौरान पता चला कि प्राथमिक शाला से 8 सिलिंग फैन, एक एग्जॉस्ट फैन, एक ब्लूटूथ स्पीकर और 50 किलो चावल चोरी हो चुका था। वहीं मिडिल स्कूल से भी 8 सिलिंग फैन गायब पाए गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।
मुखबिर की सूचना बनी सफलता की कुंजी
चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान मिली सूचना के आधार पर हमालपारा तलाबपार निवासी महेश देवांगन और धरमपाल कुर्रे को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने 2 जून की रात स्कूल के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश करने और वहां लगे सिलिंग फैन चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। आरोपियों के कबूलनामे के बाद पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया।
बरामद हुआ चोरी का माल
पुलिस ने आरोपी महेश देवांगन (19 वर्ष) के कब्जे से एक सिलिंग फैन और 200 रुपये नकद बरामद किए। वहीं धरमपाल कुर्रे (23 वर्ष) के पास से भी एक सिलिंग फैन और 200 रुपये नकद जब्त किए गए। इस प्रकार कुल दो सिलिंग फैन और 400 रुपये नकदी बरामद की गई है।
जांच में एक से अधिक आरोपियों की संलिप्तता सामने आने पर प्रकरण में अतिरिक्त धाराएं भी जोड़ी गई हैं। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी तथा एसडीओपी प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी, सहायक उप निरीक्षक उदय सिदार, आरक्षक कीर्ति सिदार, साविल चंद्रा और अमृत सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी का सख्त संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि स्कूल, शासकीय संस्थानों और सार्वजनिक संपत्तियों में चोरी या नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस कड़ी कार्रवाई कर रही है। ऐसे मामलों में आरोपियों की शीघ्र पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर पुलिस की लगातार नजर बनी हुई है और अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।