ताजा खबरें

बड़ी खबर

6 साल तक शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण, दूसरी महिला से मंदिर में रचाई कथित शादी; दोनों महिलाएं पहुंचीं एसपी कार्यालय, आरोपी हिरासत में

रायगढ़, 6 जून। रायगढ़ पुलिस के विशेष अभियान “अभियान संवेदना” के तहत एक ऐसे मामले में त्वरित कार्रवाई की गई है, जिसमें एक युवक पर शादी का झांसा देकर युवती का वर्षों तक शारीरिक शोषण करने और बाद में दूसरी महिला से कथित विवाह करने का आरोप लगा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई के लिए खरसिया पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 5 जून को खरसिया क्षेत्र की 45 वर्षीय महिला सुरक्षा की मांग को लेकर एसपी कार्यालय पहुंची थी। महिला ने आवेदन देकर बताया कि उसने हाल ही में गाजियाबाद निवासी 30 वर्षीय सलीम से जांजगीर-चांपा जिले के एक मंदिर में विवाह किया है। विवाह के बाद उसके बेटे नाराज हैं और उसे घर में प्रवेश नहीं करने दे रहे हैं। इस आवेदन की जांच प्रक्रिया जारी थी।

इसी बीच शनिवार को मामले ने नया मोड़ ले लिया, जब खरसिया क्षेत्र की 28 वर्षीय युवती एसपी कार्यालय पहुंची और उसी युवक सलीम के खिलाफ गंभीर शिकायत दर्ज कराई। युवती ने आरोप लगाया कि कोरोना काल के दौरान फेरी का काम करने वाले सलीम से उसकी पहचान हुई थी। इस दौरान आरोपी ने शादी का भरोसा देकर उससे संबंध बनाए और लगातार विवाह का वादा करता रहा। युवती के अनुसार आरोपी उसे दिल्ली में अपनी बहन के घर भी लेकर गया था और भविष्य में शादी करने का भरोसा देता रहा।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि बाद में उसे जानकारी मिली कि सलीम किसी दूसरी महिला के संपर्क में है और उससे भी विवाह का वादा कर रहा है। युवती ने संबंधित महिला से फोन पर बातचीत भी की थी। इसके बावजूद आरोपी ने दूसरी महिला के साथ मंदिर में विवाह कर लिया। इसके बाद युवती ने स्वयं को ठगा हुआ महसूस करते हुए एसएसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी के मोबाइल फोन में कई अन्य महिलाओं और युवतियों के साथ बातचीत और चैटिंग के रिकॉर्ड मौजूद हैं। पुलिस अब इन तथ्यों की भी जांच कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कहीं अन्य महिलाएं भी धोखाधड़ी या शोषण का शिकार तो नहीं हुई हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने महिला थाना और कोतरारोड़ पुलिस को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। पीड़िता के आवेदन को वैधानिक कार्रवाई के लिए खरसिया थाना भेजा गया, जबकि कोतरारोड़ पुलिस ने आरोपी सलीम को हिरासत में लेकर खरसिया पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस के अनुसार शिकायत के आधार पर दुष्कर्म सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच जारी है।

इस संबंध में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं की शिकायतों पर संवेदनशीलता, गोपनीयता और त्वरित कार्रवाई रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि किसी भी व्यक्ति से संबंध स्थापित करने या मित्रता करने से पहले उसकी पृष्ठभूमि की पूरी जानकारी अवश्य प्राप्त करें, ताकि भविष्य में धोखाधड़ी जैसी परिस्थितियों से बचा जा सके। साथ ही उन्होंने कहा कि महिला अपराधों से जुड़े प्रत्येक मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave Your Comment

Click to reload image