ऑपरेशन आघात के तहत तमनार पुलिस का बड़ा प्रहार: 20 लीटर महुआ शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार, अवैध कारोबारियों में मचा हड़कंप
रायगढ़, 06 जून 2026। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर लगाम कसने के लिए रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत तमनार पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 20 लीटर अवैध महुआ शराब का परिवहन कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिलेभर में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत थाना तमनार पुलिस ने यह कार्रवाई कर अवैध शराब कारोबारियों को कड़ा संदेश दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम खम्हरिया बस्ती की ओर से एक व्यक्ति बड़ी मात्रा में महुआ शराब लेकर बिक्री के उद्देश्य से ग्राम मिलूपारा की तरफ जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने पेट्रोलिंग दल को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
निर्देशानुसार पुलिस टीम ने ग्राम खम्हरिया बस्ती से मिलूपारा जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी की। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक हाथ में प्लास्टिक की जरीकेन लिए पैदल आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की तो उसने जरीकेन में महुआ शराब होना स्वीकार किया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि वह शराब को बिक्री के उद्देश्य से लेकर जा रहा था।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मनोज कुमार चौहान (23 वर्ष) निवासी रतनपुर केशला थाना लैलूंगा, हाल मुकाम मिलूपारा थाना तमनार जिला रायगढ़ बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 20 लीटर क्षमता की प्लास्टिक जरीकेन में भरी लगभग 20 लीटर हाथ भट्ठी से निर्मित महुआ शराब बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) एवं 59(क) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस सफल कार्रवाई में प्रधान आरक्षक विपिन पटेल, आरक्षक पुष्पेन्द्र सिदार एवं आरक्षक पुरुषोत्तम सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। तमनार पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अवैध शराब के विरुद्ध चल रहे अभियान की एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।